विश्व चैंपियनशिप पहुँचने की जंग शुरू , कैंडिडेट का हुआ आगाज
हर शतरंज खिलाड़ी का सपना होता है विश्व शतरंज चैंपियन बनना और इस सपने को पूरा करने के लिए उसे विश्व चैंपियनशिप में विश्व विजेता को चुनौती देना होता है और दुनिया में एक ही वो टूर्नामेंट है जिसके पास इसकी चाभी होती है और वो आज से साइप्रस में शुरू होने जा रहा है। अलग अलग चयन मापदंडों को पूरा करते हुए दुनिया के आठ पुरुष और इतनी ही महिला खिलाड़ी आज शाम से फ़ीडे कैंडिडेट 2026 में अपने अभियान का आरंभ एक अदद जीत से करने का पूरा प्रयास करेंगे, फ़ीडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट का आयोजन इस बार यूरोप और एशिया के संगम पर स्थित खूबसूरत द्वीप देश साइप्रस में किया जा रहा है। साइप्रस भूमध्य सागर के पूर्वी हिस्से में स्थित है , शनिवार शाम को साइप्रस के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित प्रमुख तटीय शहर पाफोस के कैप सेंट जॉर्जेस होटल एंड रिसॉर्ट में एक शानदार संगीत, भव्य स्वागत और आतिशबाजी के साथ कैंडिडेट 2026 का भव्य उद्घाटन हो गया है। भारत की नजरें पुरुष वर्ग में ग्रैंड मास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानन्दा तो महिला वर्ग में ग्रैंड मास्टर दिव्या देशमुख और ग्रैंड मास्टर आर वैशाली पर रहेंगी। पढ़े यह लेख। Photo Credit : Michal Walusza / Fide , Sagar Shah / ChessBase India

फ़ीडे कैंडिडेट आरम्भ, आज से शुरू होंगे मुकाबले!!
साइप्रस ,फ़ीडे कैंडिडेट शुरू होने में बस अब कुछ घंटे बाक़ी है और अब सभी भारतीय खिलाड़ियों और उनके प्रशंसकों की नजरे एक अच्छी शुरुआत पर है । कोनेरू हंपी नें सुरक्षा कारणों से अपना नाम वापस ले लिया था और अब उनकी जगह यूक्रेन की अन्ना मुज़्यचुक को कैंडिडेट में प्रवेश मिल गया है । दुनिया के आठ खिलाड़ियों के बीच यह टूर्नामेंट डबल राउंड रोबिन आधार पर खेला जाएगा जहाँ एक खिलाड़ी बाक़ी के खिलाड़ियों से दोनों रंगों से एक एक बाजी खेलेगा ।
फ़ीडे सर्किट विजेता प्रज्ञानन्दा रमेशबाबू

पुरुष वर्ग में भारत से विश्वनाथन आनंद के बाद लगातार कैंडिडेट खेलने वाले प्रज्ञानन्दा पहले खिलाड़ी बन जाएँगे उनका सामना पहले राउंड में नीदरलैंड के अनीश गिरी से , दूसरे राउंड में चीन के वे यी से , तीसरे राउंड में उज़्बेकिस्तान के जावोखीर सिंदारोव से , चौंथे राउंड में जर्मनी के मैथियास ब्लूबम से , पाँचवें राउंड में रूस के आंद्रे एसिपेंको से , छठे राउंड में यूएसए के हिकारू नाकामुरा से और सातवें राउंड में यूएसए के फैबियानो कारुआना से होगा , वहीं आठवे से लेकर 14 राउंड तक क्रमशः फिर से इन सभी खिलाड़ियों से रंग बदलकर प्रज्ञानन्दा बाजी खेलेंगे ।

उद्घाटन समारोह के पहले पाँच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद से बात करते प्रज्ञानन्दा और आर वैशाली

जी हाँ अनीश के ख़िलाफ़ ही होगी प्रज्ञानन्दा के अभियान की शुरुआत
ग्रैंड स्विस विजेता वैशाली रमेशबाबू

अपनी सबसे बड़ी सहयोगी और शुभचिंतक अपनी माँ नागलक्ष्मी के साथ वैशाली
महिला वर्ग में वैशाली भी लगातार दूसरी बार कैंडिडेट खेलेंगी , ऐसा पहली बार होगा जब भाई बहन की जोड़ी लगातार दूसरी बार कैंडिडेट खेलेगी!! वैशाली अपने अभियान की शुरुआत कजाकिस्तान की बिबीसारा असुबयेवा से खेलकर करेंगी उसके बाद हमवतन दिव्या देशमुख ,यूक्रेन की अन्ना मुज़्यचुक, रूस की अलेक्सांद्रा गोर्याचकिना , चीन की जू जिनर , रूस की लग्नों कैटरिना और चीन की तान झोंगायी से सातवें राउंड तक बाजी खेलेंगी और 8वें से लेकर 14 वें तक रंग बदलकर बाजी खेलेंगी , जिस अंदाज़ में वैशाली नें लगातार दूसरी बार फ़ीडे ग्रैंड स्विस जीतकर वापसी की थी उनके पास यह खिताब जीतने का एक बेहतरीन मौका होगा खासतौर पर पिछले कैंडिडेट के अनुभव के आधार पर!! शुभकामनाए वैशाली!!!
विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख

दिव्या का शानदार आत्मविश्वास और जुझारू क्षमता उन्हें पहली बार में कैंडिडेट खिताब दिला सकता है
वहीं विश्व कप जीतकर पहली बार कैंडिडेट पहुँची दिव्या देशमुख हंपी के स्थान पर आई यूक्रेन की अन्ना मुज़्यचुक के ख़िलाफ़ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी और उसके बाद वैशाली ,जू जिनर, तान ,बिबिसारा और लग्नों से खेलेंगी और फिर रंग बदलकर फिर से बाजियाँ खेलेंगी । जिस अंदाज़ में दिव्या नें विश्व कप जीत और पिछले दिनों कई मजबूत टूर्नामेंट में अपना खेल दिखाया है उन्हें कोई हल्के में नहीं लेने वाला है.

सभी कैंडिडेट के नाम इतिहास के साथ साथ इस बोर्ड पर भी हमेशा के लिए अंकित हो गए है

जी हाँ हर कोई बस इन्हें हासिल करने के लिए अपना सबकुछ झोंकने वाला है
सागर - अमृता साइप्रस में!!

चैसबेस इंडिया के सागर शाह और अमृता मोकल हमेशा की तरह इस इतिहासिक प्रतियोगिता को कवर करने के लिए साइप्रस पहुँच चुके है तो आप तैयार रहिए शानदार और हर छोटी बड़ी खबरों के लिए!
देखें कैसा रहा सागर और अमृता का साइप्रस तक का सफ़र
कैसा है आयोजन स्थल यह तो सागर शाह ही सबसे बेहतर तरीक़े से बता सकते है!!
देखें फ़ीडे कैंडिडेट का उद्घाटन कैसा रहा सौजन्य से फ़ीडे
प्रतियोगिता कार्यक्रम


हर तीन राउंड के बाद खिलाड़ियों को एक दिन का विश्राम मिलेगा ।
देखें हिंदी कॉमेंट्री आज शाम से हिंदी चेसबेस इंडिया यूट्यूब चैनल पर