ग्लोबल चेस लीग : गेंजेस ने अमेरिकन गैम्बिट्स की जीत की रफ्तार रोकी, पाइपर्स की लगातार दूसरी जीत

ग्लोबल चेस लीग सीजन-4 के दूसरे दिन गेंजेस ग्रैंडमास्टर्स ने शानदार वापसी करते हुए शुरुआती दोनों मुकाबले जीत चुकी एफवाईईआरएस अमेरिकन गैम्बिट्स की जीत की रफ्तार रोक दी। गेंजेस ने गैम्बिट्स को 9-7 से हराकर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। वहीं डिफेंडिंग चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए गेंजेस को 11-6 से हराया।

दिन के एक अन्य मुकाबले में पीबीजी अलास्कन नाइट्स ने चेक्यू मुंबई मास्टर्स को 11-6 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की और अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गए।

गेंजेस के लिए दिन की शुरुआत हालांकि हार से हुई। पाइपर्स के खिलाफ मुकाबले में विदित गुजराती और कोनेरू हम्पी ने काले मोहरों से लगातार दूसरी जीत दर्ज की। विदित ने लीनियर डोमिंग्वेज पेरेज को 38 चालों में हराया, जबकि हम्पी ने स्टावरोउला त्सोलाकिडू को 41 चालों में मात दी। महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख को पोलिना शुवालोवा से हार का सामना करना पड़ा।

आइकन बोर्ड पर मैग्नस कार्लसन और इयान नेपोमनियाच्ची के बीच मुकाबला भी रोमांचक रहा। नेपोमनियाच्ची को एंडगेम में स्पष्ट बढ़त हासिल थी और उनके पास पांच मिनट से अधिक का समय भी था, लेकिन विश्व नंबर-1 कार्लसन ने क्वीन एक्सचेंज के बाद शानदार बचाव करते हुए बाजी ड्रॉ करा ली। पाइपर्स ने मुकाबला 11-6 से अपने नाम किया।

इसके बाद दो मुकाबले खेलने वाली गेंजेस टीम ने अमेरिकन गैम्बिट्स के खिलाफ शानदार वापसी की। पोलिना शुवालोवा ने बिबिसारा असौबायेवा को हराकर तीन राउंड में अपनी तीसरी जीत दर्ज की और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। निहाल सरीन ने गैम्बिट्स के लिए एकमात्र जीत दर्ज की।

इसके बाद इयान नेपोमनियाच्ची ने 2026 कैंडिडेट्स चैंपियन जावोखिर सिंदारोव को रुख-प्यादा एंडगेम में मात देकर गेंजेस को बढ़त दिलाई। डेनियल डुबोव को लीनियर डोमिंग्वेज पेरेज के खिलाफ अच्छी स्थिति के बावजूद 101 चालों की बाजी में जीत नहीं मिल सकी। गेंजेस ने मुकाबला 9-7 से जीतकर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया।

दिन के अंतिम मुकाबले में पीबीजी अलास्कन नाइट्स ने चेक्यू मुंबई मास्टर्स को 11-6 से हराया। अर्जुन एरिगैसी, नीनो बात्सियाश्विली और अभिमन्यु मिश्रा ने सफेद मोहरों से जीत दर्ज की। 15 वर्षीय यागिज काएन एर्दोगमुस ने शखरियार मामेदयारोव के खिलाफ अच्छी स्थिति बनाई, लेकिन समय के दबाव में सही संयोजन नहीं खोज सके और 82 चालों के बाद हार गए।