Photo : Credit: FIDE / Michal Walusza

जिनेवा ,स्विट्ज़रलैंड ( निकलेश जैन )। विश्व शतरंज चैंपियनशिप 2026 का आरम्भ हो चुका है ,मौजूदा विश्व चैंपियन भारत के डी गुकेश और चैलंजर उज़्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के बीच पहली बाजी 38 चालों में बेनतीजा रही। दोनों खिलाड़ियों ने बहुत सटीक खेल दिखाया और कोई भी मुकाबले का पलड़ा अपनी ओर नहीं झुका सका। 14 बाजियों के इस मैच में स्कोर अब 0.5-0.5 से बराबर है।

Photo : Credit: FIDE / Michal Walusza

परंपरा के अनुसार औपचारिक पहली चाल फिडे अध्यक्ष तिमुर तुरलोव और फिडे उपाध्यक्ष एवं पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने चली। तुरलोव ने सिंदारोव की ओर से राजा के पेड़े को दो घर खेला और आनंद ने अपने हमवतन गुकेश की ओर से भी काले के राजा के प्यादे को दो घर चलते हुए जवाब दिया।

दिलचस्प बात यह रही कि असली बाजी में भी दोनों खिलाड़ियों ने यही चालें चलीं, हालांकि सिंदारोव अधिकतर वजीर के प्यादे से खेल की शुरुआत करते है फिर भी उनका यह लाइन चुनना गुकेश के लिए बहुत चौंकाने वाला निर्णय नहीं रहा । 

Photo : Credit: FIDE / Michal Walusza

। रुए लोपेज़ ओपनिंग में गुकेश ने बहुत मजबूत मानी जाने वाली बर्लिन डिफेंस अपनाई। व्लादिमीर क्रामनिक ने वर्ष 2000 की विश्व चैंपियनशिप में गैरी कास्परोव के खिलाफ इसी ओपनिंग से बड़ी सफलता पाई थी, और तब से यह बड़े मुकाबलों का भरोसेमंद हथियार बन गई। साफ था कि दोनों खिलाड़ियों ने इस ओपनिंग की गहरी तैयारी की थी। मैच के बाद पाटकर वार्ता में सिंदारोव ने बताया कि पहली बाजी में उन्होंने जानबूझकर सुरक्षित रास्ता चुना। वह मैच में सहज होना चाहते थे और प्रतियोगिता कक्ष के माहौल को महसूस करना चाहते थे।

Photo : Credit: FIDE / Michal Walusza

ओपनिंग में वजीर की अदला बदली के बाद गुकेश के सामने अपने राजा के लिए जगह बनाकर अपने हाथी को खेल में लाने की समस्या थी जिसे गुकेश नें अगली कुछ चालों में समय लेते हुए हल कर लिया हालांकि एक समय ऐसा आया जब गुकेश समय की कमी से दबाव में आ रहे थे पर उन्होंने कम समय में कुछ बेहतरीन चालें चलते हुए ना सिर्फ़ शानदार बचाव किया बल्कि सिंदारोव पर उनके घोड़े और हाथी के ख़िलाफ़ दबाव बना लिया जिसके बाद लगातार चालों को दोहराते हुए सिंदारोव नें बाजी को ड्रा करा लिया , पहली बाजी में काले मोहरो से गुकेश नें जिस अंदाज़ में सिंदारोव को ड्रा पर रोका उससे उन्होंने अपनी अच्छी लय में होने के संकेत दे दिए है । 

दूसरी बाजी में गुकेश सफेद मोहरों से खेलेंगे। भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि सफेद मोहरों के साथ गुकेश सिंदारोव पर दबाव बना पाएंगे।