
कल से होगा फ़टाफ़ट शतरंज का शुभारंभ
2025 सुपर यूनाइटेड रैपिड एंड ब्लिट्ज प्रतियोगिता का विजेता दोनों ही प्रतियोगिताओं के अंत में यानी 6 जुलाई को पता चलेगा, हालाँकि गुकेश ने रैपिड भाग को आसानी से अपने नाम कर लिया है पर आज से शुरू हो रहे ब्लिट्ज यानी फ़टाफ़ट शतरंज का सभी को बेसब्री से इंतज़ार रहेगा। आज से शुरू हो रही प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों को आपस में 2-2 बाजियाँ खेलनी हैं। जिस प्रकार रैपिड में हर जीत पर 2 और ड्रॉ पर 1 अंक मिल रहा था, ब्लिट्ज में उसके विपरीत जीत पर खिलाड़ियों को सिर्फ़ 1 और ड्रॉ पर 0.5 अंक मिलेगा और अंत में जिस भी खिलाड़ी के अंक सर्वाधिक होंगे वही सुपरयूनाइटेड रैपिड एंड ब्लिट्ज 2025 के ख़िताब के साथ-साथ 40000 अमेरिकी डॉलर एवं ग्रैंड चेस टूर में 12 अंक (यदि वह खिलाडी टाइब्रेकर में जीतता हे तो) अथवा पुरे 13 अंक हासिल करेगा।

गुकेश ने प्रतियोगिता के तीसरे दिन की शुरुआत भी काफ़ी मजबूत स्थिति में की और उन्होंने पहली ही बाज़ी में सफेद मोहरों से खेलते हुए नीदरलैंड्स के अनीश गिरी को ड्रॉ पर रोक लिया। अब बारी थी आठवें चक्र की और इस चक्र में गुकेश ने मेज़बान देश के और इस प्रतियोगिता के सबसे कम रेटेड खिलाड़ी इवान सारिच के साथ ड्रॉ खेला। हालाँकि अंतिम क्षणों में सारिच गुकेश पर भारी पड़ते हुए नज़र आ रहे थे, पर समय के अभाव में उन्होंने चालें दोहराकर खेल को ड्रॉ करना ही उचित समझा। गुकेश ने अपने अंतिम मुक़ाबले से पहले ही पोलैंड के डूडा पर दो अंक की बढ़त बना रखी थी और अंतिम बाज़ी में सफेद मोहरों से खेलते हुए डी. गुकेश ने रेटी ओपनिंग में शानदार अटैकिंग शतरंज का नमूना पेश किया। गुकेश ने सफेद मोहरों का लाभ उठाते हुए वेस्ली सो के किंग को बीच मैदान में ही घेरना शुरू किया, वेस्ली ने भी स्थिति को काफ़ी पेचीदा बनाए रखने का भरपूर प्रयास किया, पर समय की कमी और गुकेश की शानदार चालों से वह बच नहीं पाए और थक हार कर 29वीं चाल पर उन्होंने अपना हाथी गुकेश के ऊंट के बदले क़ुर्बान कर दिया और उसके लगभग 7 चालों बाद हाथ बढ़ाकर हार स्वीकार की। इस खेल में गुकेश ने शानदार आक्रमण के साथ-साथ एक मजबूत डिफेंस का भी प्रदर्शन किया।

प्रज्ञानन्दा इस प्रतियोगिता में सिर्फ़ एक ही बाज़ी हारे वो भी हमवतन गुकेश से और आज उन्होंने भी शानदार वापसी करते हुए अपनी पहली जीत दर्ज कर ही ली। सफेद मोहरों से खेलते हुए उन्होंने मेज़बान देश के इवान सारिच को प्यादों के एंडगेम में पराजित किया। यह जीत उनके लिए काफ़ी मायने रखती है क्योंकि अब वह 9 अंकों के साथ चौथे स्थान पर चल रहे हैं और आज होने वाले ब्लिट्ज में शानदार वापसी कर ख़ुद को और मज़बूत स्थिति में ला सकते हैं।
रैपिड के अंत के बाद वर्तमान स्थिति
रैपिड के समापन के बाद पहले स्थान पर 14 अंकों के साथ भारत के डी. गुकेश, दूसरे स्थान पर 11 अंकों के साथ पोलैंड के डूडा, 10 अंकों के साथ मैग्नस कार्लसन तीसरे स्थान पर, और 9-9 अंकों के साथ प्रज्ञानन्दा और कारुआना क्रमशः चौथे और पाँचवें स्थान पर हैं। आज होने वाले फ़टाफ़ट शतरंज (ब्लिट्ज) में भी हमें शानदार बाज़ियाँ देखने की पूरी उम्मीद है।










