
तेपे सिगेमन इंटरनेशनल शतरंज – अर्जुन रहे उपविजेता
तेपे सिगमन इंटरनेशनल शतरंज मे भारत के युवा ग्रांड मास्टर 18 वर्षीय अर्जुन एरिगासी को प्रतियोगिता में छठी वरीयता दी गयी थी और सात राउंड के बाद 4 अंक बनाते हुए अर्जुन बेहतर टाईब्रेक के आधार पर उपविजेता के तौर पर टूर्नामेंट को समाप्त करने मे सफल रहे जबकि यूएसए के ग्रांड मास्टर नीमन हंस मोके पहले स्थान पर रहे । अर्जुन नें अंतिम दो राउंड मे चेक गणराज्य के डेविड नवारा और इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी माइकल एडम्स से बाजी ड्रॉ खेली और अपनी फीडे रेटिंग में कुल 5 अंक जोड़ते हुए लाइव रेटिंग को 2680 अंको पर पहुंचा दिया है

। सबसे ज्यादा प्रभावित किया नीमन हंस नें जिन्होने प्रतियोगिता में अपराजित रहते हुए 3 जीत और 4 ड्रॉ के साथ कुल 5 अंक बनाए और अर्जुन से कुल 1 अंक आगे रहे । अर्जुन के अलावा स्वीडन के निल्स ग्रंडेलीयूस और माइकल एडम्स भी 4 अंक बनाने में कामयाब रहे पर टाईब्रेक के आधार पर क्रमशः तीसरे और चौंथे स्थान पर रहे ।








