
विश्व चैम्पियन कार्लसन ही बने जनरेशन कप शतरंज चैम्पियन ,अर्जुन रहे उपविजेता
चैम्पियन चैस टूर के सातवे पड़ाव जूलियस बेर जनरेशन कप शतरंज में भारत के युवा ग्रांड मास्टर अर्जुन एरिगासी को फाइनल में लगातार दोनों दिन विश्व चैम्पियन मेगनस कार्लसन से हार का सामना करना पड़ा और खिताब मेगनस नें अपने नाम कर लिया और अर्जुन को उपविजेता के स्थान से संतोष करना पड़ा । 18 वर्षीय भारत के उभरते ग्रांड मास्टर अर्जुन को पहले दिन एकतरफा अंदाज मे कार्लसन से 2.5-0.5 से हार का सामना करना पड़ा और दूसरे दिन अर्जुन को वापसी के लिए 2.5 अंको की जरूरत थी पर कार्लसन नें जीत के लिए जरूरी 2 अंक पहले शुरुआती दोनों मैच जीतकर ही हासिल कर लिए ।

भले ही अर्जुन फाइनल हार गए पर इस युवा भारतीय खिलाड़ी ने इस टूर्नामेंट में कई बड़े नामी खिलाड़ियों को धराशायी कर अपनी क्षमता का परिचय दिया । अर्जुन ने इस दौरान वेसली इवांचुक , लेवान अरोनियन , ले कुयांग लिम और डेविड नवारा जैसे शीर्ष ग्रांड मास्टरों को मात देकर सबको प्रभावित किया ।

जोरदार लय में नजर आए कार्लसन नें बेस्ट ऑफ 2 फाइनल के पहले दिन अर्जुन को 2.5-0.5 से मात देते हुए 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी और दूसरे दिन जीत के लिए जरूरी 2 अंक कार्लसन नें पहले दो मुकाबलों मे ही हासिल करते हुए खिताब जीत लिए । दूसरे दिन सफ़ेद मोहरो से खेल रहे अर्जुन नें पहले मुक़ाबले में पिर्क ओपनिंग में वापसी की कोशिश की पर कार्लसन ने शानदार एंडगेम में उन्हे 43 चालों में पराजित कर दिया दूसरे मुक़ाबले में अर्जुन के पास जीतने के अलावा कोई विकल्प नहीं था पर कार्लसन नें सफ़ेद मोहरो से मोर्डन बेनोनी के खिलाफ कोई मौका ना देते हुए 52 चालों में बाजी अपने नाम कर ली और खिताब भी जीत लिया ।

फाइनल मुक़ाबले का लाइव विश्लेषण








