जिनेवा,स्विट्ज़रलैंड ,शतरंज के इतिहास के सबसे युवा विश्व चैंपियनशिप मुकाबले के लिए मंच पूरी तरह सज चुका है। मौजूदा विश्व चैंपियन भारत के डी गुकेश और चुनौती देने वाले उज़्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव दोनों जिनेवा पहुंच चुके हैं। मैच का उद्घाटन समारोह और मीडिया दिवस 22 नवंबर को हुआ, 23 नवंबर को तकनीकी बैठक होगी और 24 नवंबर, मंगलवार को पहली बाजी खेली जाएगी। दोनों खिलाड़ी 20 वर्ष के हैं, इसी वजह से इसे विश्व चैंपियनशिप के इतिहास का सबसे युवा मुकाबला कहा जा रहा है।

जिनेवा पहुंचने के बाद पहली मुलाकात में दोनों खिलाड़ियों ने मुस्कुराते हुए हाथ मिलाया। ग्रे स्वेटशर्ट और काली जींस में नज़र आए गुकेश बेहद सहज दिखे। सिंदारोव के साथ उनकी साथी और कजाकिस्तान की ग्रैंडमास्टर बिबिसारा असाउबायेवा भी जिनेवा पहुंची हैं।

यह मुकाबला जिनेवा के पास कोलोनी के फ़ोंडेशन मार्टिन बोडमर में खेला जाएगा। जिनेवा झील के ऊपर पहाड़ी पर बने इस ऐतिहासिक पुस्तकालय और संग्रहालय को यूनेस्को ने सांस्कृतिक महत्व का स्थल माना है। इस बार फिडे ने एक बड़ा बदलाव करते हुए खिलाड़ियों के लिए साउंडप्रूफ कांच का केबिन नहीं लगाने का फैसला किया है। 1995 से 2024 तक यह केबिन लगभग हर विश्व चैंपियनशिप मैच की पहचान रहा है। फिडे के सीईओ एमिल सुतोवस्की का मानना है कि कांच का केबिन इस खूबसूरत स्थल की गरिमा बिगाड़ देता। इसकी जगह हैंडहेल्ड स्कैनर, सिग्नल डिटेक्टर और हीट डिटेक्शन जैसी आधुनिक एंटी-चीटिंग तकनीक का इस्तेमाल होगा। खेल कक्ष में बहुत कम दर्शकों को प्रवेश मिलेगा, जबकि पास में ही एक बड़ा फैन ज़ोन बनाया गया है।

मैच अधिकतम 14 क्लासिकल बाजियों का होगा और साढ़े सात अंक बनाने वाला खिलाड़ी विश्व चैंपियन बनेगा। सभी बाजियां भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होंगी। 27 नवंबर, 1 दिसंबर, 5 दिसंबर और 9 दिसंबर को विश्राम दिवस रहेंगे।

14वीं बाजी 11 दिसंबर को खेली जाएगी। अगर मुकाबला 7-7 से बराबर रहा तो 12 दिसंबर को रैपिड और ब्लिट्ज़ टाईब्रेक से विजेता तय होगा। पहली 40 चालों के लिए 120 मिनट और उसके बाद 30 मिनट मिलेंगे, साथ ही 41वीं चाल से हर चाल पर 30 सेकंड जुड़ेंगे। काले मोहरों की 40वीं चाल से पहले आपसी सहमति से ड्रॉ की अनुमति नहीं होगी।
मैच की कुल इनामी राशि 25 लाख अमेरिकी डॉलर है और हर बाजी जीतने पर 2 लाख डॉलर मिलेंगे।

चेसबेस इंडिया टीम जिनेवा पहुँच चुकी है तो आप भी बेहतरीन कवरेज के लिए तैयार रहे


















